शिमला (तरुण शर्मा) हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' के तहत चलाई जा रही मुहिम के तहत शिमला पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है।
हिमाचल के जिला कुमारसैन थाना के अंतर्गत पड़ते नारकंडा क्षेत्र में पुलिस ने एक विशेष ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और नकदी बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में नेपाल मूल के तीन नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जिनसे 9.28 किलोग्राम अफीम और 12 लाख रुपये की ड्रग्स मनी बरामद हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कुमारसैन थाना क्षेत्र के तहत डिटेक्शन सेल रामपुर की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। 10 अप्रैल को जब पुलिस टीम नारकंडा क्षेत्र में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर तैनात थी, तभी एक विश्वसनीय सूत्र से गुप्त सूचना मिली कि एक इनोवा वाहन में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए रणनीति तैयार कर नाकाबंदी कर दी।
इनोवा से हुई भारी बरामदगी
पुलिस द्वारा लगाए गए नाके पर जब संदिग्ध इनोवा वाहन को रोका गया ओर उसकी चेकिंग की गई तो उसमें सवार व्यक्ति घबरा गए। गाड़ी के भीतर से 9.28 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। नशीले पदार्थ के साथ-साथ पुलिस ने 12 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की है, जिसे ड्रग्स मनी के रूप में देखा जा रहा है।