Tuesday, 14 April 2026
युवक से मारपीट और जबरन वसूली के आरोप में पुलिस कर्मी Suspend, जांच जारी

युवक से मारपीट और जबरन वसूली के आरोप में पुलिस कर्मी Suspend, जांच जारी

जलालाबाद : पंजाब के जलालाबाद में खाकी एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। पंजाब पुलिस और होमगार्ड थाना सदर जालालाबाद के कर्मचारियों पर एक युवक के साथ मारपीट करने और जबरन पैसे वसूलने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामला सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 5 अप्रैल की बताई जा रही है।

 

मीडिया को जानकारी देते हुए पीड़ित जबर सिंह, निवासी गांव घल्लू (अबोहर) ने बताया कि वह फाजिल्का-फिरोजपुर रोड पर स्थित 22 जी कार बाजार, गोलू का मोड़ से अपने दोस्तों के साथ गाड़ी खरीदकर घर लौट रहा था। रास्ते में एक ढाबे पर चाय पीने के लिए रुकने के दौरान एक पुलिस गाड़ी में सवार तीन कर्मचारी—दो होमगार्ड और एक पंजाब पुलिस जवान—वहां पहुंचे और सभी को जबरन अपने कब्जे में ले लिया।

 

पीड़ित के आरोपों के अनुसार, कर्मचारियों ने उस पर हथियारों की तस्करी का झूठा आरोप लगाया और उसकी कोई बात सुने बिना उसके साथ मारपीट की। इसके बाद सभी को हथकड़ियां लगा दी गईं। पीड़ित का दावा है कि कर्मचारियों ने उससे और उसके दोस्तों से मारपीट करते हुए गूगल पे के जरिए करीब 30 हजार रुपये वसूल किए, जबकि बाकी 24 हजार रुपये के लिए उसके आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए।

 

पीड़ित ने बताया कि बाकी रकम उसने अगले दिन घर के गहने गिरवी रखकर अदा की। इतना ही नहीं, उसे अपने बाल और मूंछें कटवाने के लिए भी मजबूर किया गया। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

 

जिला फाजिल्का पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस के कर्मचारी जसप्रीत सिंह को सस्पेंड कर दिया है। वहीं दो होमगार्ड कर्मचारियों की रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दी गई है। इस संबंध में जालालाबाद के डीएसपी गुरसेवक सिंह बराड़ ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Published on: 14 Apr 2026

Author Info

Neeraj Jindal
editor@ujalakesari.in
+91 90418 41008